फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: रेलवे ने CSMT-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस की सालगिरह मनाई; विचाराधीन कैदी अस्पताल से फरार

Tue, 20 Jan 2026 04:32 AM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई।
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पुणे की एक अदालत ने प्रताप दैंगुड़े (47 वर्षीय) की जमानत याचिका खारिज कर दी। वह पिछले साल नवंबर में नशे की हालत में अपनी कार लेकर पार्किंग कर्मचारी के ऊपर चढ़ गए थे, जिससे उसकी मौत हो गई थी। अदालत ने कहा कि आरोपी नशे में था और जानबूझकर वाहन चला रहा था, जबकि उसे खुद पता था कि वह वाहन चलाने की स्थिति में नहीं है।
विज्ञापन


अभियोजन के अनुसार, दैंगुड़े एक बीपीओ कर्मचारी था, कल्याणी नगर के एक रेस्तरां में गया और वहां शराब पी। उसने वहां अन्य ग्राहकों के साथ भी अनुचित व्यवहार किया, जिसके बाद रेस्तरां के कर्मचारियों ने उसे बाहर जाने और कैब लेने की सलाह दी। बावजूद इसके उसने अपनी कार पार्किंग से निकालते समय नियंत्रण खो दिया और पार्किंग के कर्मचारी सत्येंद्र मंडल के ऊपर चढ़ा दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

दैंगुड़े ने जमानत याचिका में कहा कि उसने कोई अपराध नहीं किया और उसे झूठा फंसाया गया है। उसके वकील ने दलील दी कि उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मुकदमा चलना चाहिए, न कि धारा 105 (हत्या के बराबर) के तहत। अदालत ने कहा कि आरोपी नशे में था और उसने चेतावनी के बावजूद वाहन चलाया।
विज्ञापन

सीएसएमटी-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस की सातवीं सालगिरह मनाई 
मध्य रेलवे ने सोमवार को सीएसएमटी-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस की सातवीं सालगिरह मनाई। यह देश की पहली लंबी दूरी की यात्री ट्रेन है, जो पुश-पुल तकनीक के साथ चलती है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार। जब ट्रेन अपने गंतव्य के लिए सीएसएमटी स्टेशन से रवाना हुई, तब यात्री, रेलवे प्रेमी और मध्य रेलवे के कर्मचारी मौजूद थे। सालगिरह के जश्न में ढोल बजाना, केक काटना, और ट्रेन को फूलों और माला से सजाना शामिल था।

सोना तस्करी के मामले में दो गिरफ्तार
सीमा शुल्क विभाग ने सोमवार को बताया कि मुंबई एयरपोर्ट पर 1.59 किलोग्राम 24 कैरेट सोने की धूल तस्करी करने के आरोप में एक बांग्लादेशी नागरिक और एक एयरपोर्ट कर्मचारी को पकड़ा गया। इस सोने की कीमत 2.15 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। एक अधिकारी ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यह कार्रवाई विशेष सूचना के आधार पर शनिवार और रविवार को की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी बांग्लादेशी नागरिक शनिवार देर रात दुबई से आया था और रविवार तड़के इंडिगो की उड़ान से ढाका जाने वाला था, इसी दौरान उसे पकड़ा गया।

अधिकारी ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर आरोपी को उस समय पकड़ा गया, जब वह मोम में लिपटे सोने की धूल के चार अंडाकार पैकेट हवाई अड्डे के एक कर्मचारी को सौंप रहा था, जिनका वजन 1,590 ग्राम और कीमत 2.15 करोड़ रुपये थी। उन्होंने बताया कि बांग्लादेशी नागरिक और हवाई अड्डे के कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
 

पुणे: विचाराधीन कैदी अस्पताल से फरार
यौन अपराध के एक मामले में गिरफ्तार 26 वर्षीय विचाराधीन कैदी सोमवार शाम पुणे के सरकारी अस्पताल के आईसीयू से फरार हो गया। आरोपी अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य के लिए लगाए गए बांस के ढांचे का इस्तेमाल कर भागने में सफल रहा। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सनी कुचेकर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज है और वह यरवदा केंद्रीय कारागार में बंद था। कुचेकर ने दोपहर में तबीयत खराब होने की शिकायत की थी, जिसके बाद उसे चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल लाया गया। अस्पताल में रहते समय उसे मिर्गी का दौरा पड़ा, जिसके बाद उसे अस्पताल की दूसरी मंजिल पर स्थित आईसीयू में भर्ती किया गया और उसे नसों के जरिए दवाएं दी गईं। यह घटना तब सामने आई, जब कुचेकर काफी देर तक अपने बिस्तर पर वापस नहीं लौटा। एक अधिकारी ने बताया, जब शौचालय का दरवाजा तोड़कर खोला गया, तो पता चला कि आरोपी फरार हो चुका है। आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कर दी हैं।

 
विज्ञापन

डोंबिवली में एलपीजी सिलेंडर धमाका, पांच लोग घायल
डोंबिवली पूर्व के नवनीत नगर कॉम्प्लेक्स में मंगलवार देर रात गैस रिसाव से एलपीजी सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। हादसा केतन देढिया (35) के फ्लैट में हुआ, जब वे रात को घर लौटकर लाइट जलाने गए। जमा गैस में विस्फोट से खिड़कियों के शीशे और ग्रिल तक उखड़ गए। देढिया करीब 50 फीसदी झुलस गए और उन्हें मुंबई के सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। धमाके में पड़ोसी मेहुल वसाद (40) और विजय घोर (45) को मामूली चोटें आईं, जबकि निचली मंजिल पर रहने वाले हरिश लोढ़ाया (50) और उनके सात वर्षीय बेटे पार्श्व को टूटे शीशे गिरने से चोट लगी। प्रशासन ने लोगों से गैस कनेक्शन की नियमित जांच और पर्याप्त वेंटिलेशन रखने की अपील की है।

शिंदे गुट की शिवसेना के पार्षद बांद्रा होटल से रवाना
बीएमसी चुनाव नतीजों के बाद बांद्रा के एक पांच सितारा होटल में ठहरे एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के 29 पार्षद मंगलवार को होटल से बाहर निकल आए। पार्टी पदाधिकारी के अनुसार, रवाना होने से पहले सभी पार्षदों ने कोंकण संभागीय आयुक्त के समक्ष खुद को एक समूह के रूप में पंजीकृत कराया, जो चुनाव के बाद अनिवार्य प्रक्रिया है। होटल प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री शिंदे ने नवनिर्वाचित पार्षदों को कामकाज को लेकर मार्गदर्शन दिया। हालांकि, किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत न मिलने के कारण पार्षदों को अलग रखने को लेकर सियासी अटकलें भी तेज रहीं। बीएमसी की 227 सीटों में भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) को 65 सीटें मिली हैं।

सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बिना ओसी नहीं: बॉम्बे हाईकोर्ट
बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र के सभी निकायों को निर्देश दिया है कि जब तक इमारतों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट नहीं बने, तब तक उन्हें ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट जारी न किया जाए। अदालत ने ठाणे जिले में अवैध निर्माणों से उल्हास नदी में गिर रहे सीवेज पर गंभीर चिंता जताई। कोर्ट ने कहा कि यदि भविष्य में एसटीपी के बिना ओसी दी गई तो न सिर्फ बिल्डरों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। साथ ही, सभी निकायों को ऐसे भवनों की पहचान कर सख्त कदम उठाने का आदेश दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 28 जनवरी को होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें