शहर के एयरपोर्ट स्थित एक वेयरहाउस से 2.6 किलो सोना गायब होने के मामले में सीबीआई ने छह कस्टम अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
आठ जून, 2012 और 26 मार्च, 2014 के बीच यह सोना कंपागौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से 13 यात्रियों से जब्त किया गया था। सभी छह आरोपियों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक कदाचार की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
दरअसल, 12 अक्तूबर, 2020 को सीबीआई ने दो सहायक आयुक्तों, केंद्रीय कर के तीन अधीक्षकों और एक अन्य अफसर के खिलाफ केस दर्ज किया था।
अपनी एफआईआर रिपोर्ट में सीबीआई ने कस्टम विभाग की हैदराबाद जोन की इकाई के सतर्कता महानिदेशालय को आंतरिक जांच का निर्देश दिया था और पाया कि एयरपोर्ट पर इन अफसरों की ड्यूटी के दौरान ही सोना गायब हुआ था।
सीबीआई ने कहा है कि यात्रियों से बरामद सोने को गोदाम में रखने के मामले में इन अफसरों ने लापरवाही की। अफसरों ने अपने पद का दुरुपयोग किया और जब्त होने के बाद सोने को सूची में दर्ज नहीं किया और न ही अगली शिफ्ट के अफसरों को सौंपा।