असम के तिनसुकिया जिले में पुलिस ने 18 साल की एक युवती को हादसे से बचाया है। युवती को उसके 25 वर्षीय पति हीरा ने ट्रेन से धक्का दे दिया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बेबी नाम की युवती ने बताया है कि उसका पति उसे चलती ट्रेन से धक्का देने के बाद खुद भी कूद गया। घटना दंपत्ति के भागकर शादी करने के बाद की है।
पुलिस को दंपत्ति बेहोशी की अवस्था में रेलवे ट्रैक के पास मिले थे। जिसके बाद इन्हें पास के ही जिला अस्पताल में ले जाया गया। बेबी ने आरोप लगाया है कि मुरादाबाद के रहने वाले उसके पति ने खुद कूदने से पहले उसे धक्का दे दिया था।
बेबी ने बताया, "मुझे बीते तीन महीने से अनजान नंबर से फोन आ रहा था। आखिरकार मैंने फोन करने वाले (हीरा) से बात करना शुरू कर दिया और मुझे उससे प्यार हो गया। फिर हमने शादी करने का फैसला लिया। 26 जुलाई को हीरा तिनसुकिया आ गया और मैं उसके साथ भाग गई। अगले दिन हम पटना पहुंच गए, यहां हम दो दिनों तक होटल में रहे और 29 जुलाई को मंदिर में शादी कर ली।"
पीड़िता ने बताया कि वह मुरादाबाज जाने वाली ट्रेन में बैठे और बरेली पार करने के बाद ही उसे उसके पति ने धक्का दे दिया। बेबी को गंभीर अवस्था में लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। मामले पर एसपी सिटी अभिनंदन सिंह का कहना है कि सरकारी रेलवे पुलिस को मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।