आज 18 जुलाई 2026 को आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी है। आज भारत के पहले निजी रॉकेट की लॉन्चिंग होगी। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे।
पश्चिम बंगाल दौरे पर गृह मंत्री अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। गृह मंत्री सुबह जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज में विकास परियोजना की आधारशिला रखेंगे और वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे उत्तरकन्या में उत्तर बंगाल के सीमावर्ती जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारत-बंगलादेश सीमा उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में मालदा, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और दार्जिलिंग सहित सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
भारत के पहले निजी रॉकेट की लॉन्चिंग
भारतीय अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी स्टार्टअप स्काईरूट एयरोस्पेस आज सुबह 11:30 बजे श्रीहरिकोटा से अपने स्वदेशी रूप से विकसित ऑर्बिटल रॉकेट विक्रम-1 को लॉन्च करेगा। रॉकेट को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा। किसी निजी भारतीय कंपनी द्वारा विकसित प्रक्षेपण यान को कक्षा में स्थापित करने का यह देश का पहला प्रयास है। इस मिशन को 'आगमन' नाम दिया गया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री अमरोहा, बुलंदशहर और संभल का दौरा करेंगे। इस दौरान समीक्षा बैठकों के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन से विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। अमरोहा में मुख्यमंत्री नवनिर्मित पुलिस लाइन, तहसील भवन सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। संभल में सीएम योगी का 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग, 100 बेड अस्पताल समेत ₹569 करोड़ की 66 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने का कार्यक्रम है। इसी तरह बुलंदशहर में मुख्यमंत्री करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
आजम खां की अपील पर आ सकता है फैसला
सपा नेता आजम खां को तत्कालीन डीएम को 'तनखैया' बताने के मामले में निचली अदालत से हुई दो वर्ष की सजा के खिलाफ सेशन कोर्ट में दायर अपील पर आज फैसला आ सकता है। यह मामला 2019 के लोकसभा चुनाव का है। आजम खां पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे थे। उस समय सपा और बसपा का गठबंधन था। रामपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार आजम ने चुनाव प्रचार के दौरान कई विवादित बयान दिए थे। उनके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में आचार संहिता उल्लंघन के कई मुकदमे दर्ज हुए थे। इन्हीं मामलों में एक मुकदमा थाना भोट में दर्ज हुआ था। जिस पर आज फैसला आ सकता है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
फीफा वर्ल्ड कप में फ्रांस-इंग्लैंड के बीच मुकाबला
फीफा वर्ल्ड कप में आज देर रात फ्रांस और इंग्लैंड तीसरे स्थान के लिए होने वाला मुकाबला खेलेंगे। यह मैच देर रात ढाई बजे से शुरू होगा। पहले सेमी फाइनल में फ्रांस को स्पेन ने मात दी थी। वहीं, दूसरे सेमी फाइनल में इंग्लैंड को गत विजेता अर्जेंटीना ने हराया था।