पुणे में 65 वर्षीय ठेकेदार खलील शेख की कथित आत्महत्या के मामले में पूर्व शिवसेना विधायक रविंद्र धंगेकर, उनकी पत्नी और 12 अन्य लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, खलील शेख ने गुलटेकड़ी इलाके स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली। अधिकारी ने बताया कि आत्महत्या करने से पहले शेख ने कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए और एक सुसाइड नोट भी लिखा। इसमें उन्होंने पूर्व विधायक रविंद्र धंगेकर का नाम लिया है। इसके अलावा, उन्होंने शहर में विभिन्न कारोबारी परियोजनाओं में साथ काम करने वाले कई अन्य लोगों के नाम भी लिखे हैं।
वीडियो और सुसाइड नोट में शेख ने आरोप लगाया कि कारोबारी साझेदारों के विश्वासघात के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ लोगों से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिसके कारण वह तनाव और मानसिक परेशानी में थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्वारगेट पुलिस थाने में रविंद्र धंगेकर, उनकी पत्नी समेत 14 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक धमकी और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।
शक के चलते पति ने ली पत्नी की जान, पुलिस में जाकर कर दिया सरेंडर
महाराष्ट्र के ठाणे में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि पति को पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी शक के चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी। घटना गुरुवार को ठाणे के सावरकर नगर इलाके में घटी। जहां नितिन टुपे ने अपनी पत्नी पूजा टुपे की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। जब आरोपी ने घटना को अंजाम दिया तो उनके दो बच्चे स्कूल में थे। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Maharashtra: टीचर और उसके दो बच्चों की डूबने से मौत, कार रेलिंग तोड़कर गोदावरी नदी में गिरी; आत्महत्या की आशंका
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में शुक्रवार को एक कार गोदावरी नदी के ऊपर बने पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में जा समाई। हादसे के समय कार में स्कूल टीचर और उसके दो बच्चे सवार थे। तीनों की नदी में डूबने में मौत हो गई है। अब पुलिस ने आशंका जताई है कि यह आत्महत्या का मामला है। जांच में पता चला है कि मृतक अध्यापक सुनील मोरे (42 वर्षीय) हिमायतनगर के जिला परिषद स्कूल में तैनात थे। आरोप है कि उन्हें उनके वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था। जिससे परेशान होकर उन्होंने अपनी बेटी सारा (12 वर्षीय) और बेटे सुमित (8 वर्षीय) के साथ आत्महत्या कर ली। घटना के समय मोरे की पत्नी घर पर थीं। मोरे ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रताड़ित करने की बात लिखी थी।
मुंबई इमारत हादसा: आरोपी ठेकेदार को नहीं मिली जमानत
मुंबई की एक अदालत ने मानखुर्द इलाके में चॉल गिरने के मामले में गिरफ्तार ठेकेदार अब्दुल इदरीसी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी। एडिशनल सेशंस जज आर. एम. जाधव ने कहा कि प्रथम दृश्यता में ऐसे सबूत हैं जो दिखाते हैं कि आरोपी को इस अवैध इमारत के असुरक्षित होने की जानकारी थी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, अब्दुल इदरीसी और उसके पिता ने बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के पिछले चार वर्षों में एक पुरानी झोपड़ी की जगह पर यह चार मंजिला अवैध इमारत बनाई थी। 5 जुलाई को यह इमारत पास की झोपड़ी पर गिर गई, जिससे वहां रह रहे पांच लोगों और शिकायतकर्ता की पोती की मौत हो गई। कोर्ट ने नोट किया कि आरोपी को पहले भी खतरे की चेतावनी मिली थी, जब इमारत से टाइल गिरने के कारण एक ऑटो चालक बेहोश हो गया था। इस घटना की जानकारी आरोपी को दी गई थी। अपराध की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया।