आवारा कुत्ते के काटने से इलाज करा रही 12 साल की बच्ची की सोमवार को कोट्टायम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। दरअसल, केरल के पथनमथित्ता जिले की रहने वाली लड़की को 14 अगस्त को एक आवारा कुत्ते ने नोच डाला था। घटना उस वक्त हुई थी, जब वह सुबह दुकान से दूध लेने गई थी।
रेबीज रोधी टीके की तीन खुराकें भी दी गईं, चौथी नहीं लग पाई
इसके बाद उसे फौरन एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसे रेबीज रोधी टीके की तीन खुराकें भी दी गईं। लड़की को चौथी खुराक 10 सितंबर को दी जानी थी। इससे पहले ही शुक्रवार शाम को उसकी हालत बिगड़ गई। फिर उसे पथनमथित्ता जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां भी हालात में सुधर न होता देख उसे कोट्टयम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
रिपोर्ट का इंतजार
मामले में केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने शनिवार को इलाज के लिए चिकित्सा बोर्ड गठित करने का आदेश दिया था। शुरुअती जांच में पता चला है कि बच्ची की मौत रेबीज की वजह से हुई है। इसकी पुष्टि के लिए पुणे की राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान के पास जांच के लिए नमूने भेजे गए हैं। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।