प्रवासी मजदूरों के पलायन को देखते हुए रेलवे ने एक मई से अब तक 932 श्रमिक विशेष ट्रेनों का परिचालन किया है। इन ट्रेनों से अब तक 11 लाख से ज्यादा प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह राज्य पहुंचाया गया है। ये ट्रेनें यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, मिजोरम, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा और उत्तराखंड जैसे राज्यों में गईं।
मुंबई से सटे ठाणे में राजस्थान के एक प्रवासी श्रमिक की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम हरीश चंदर शंकरलाल (45) भयंदर से 30 किमी दूर वासी रोड रेलवे स्टेशन के लिए पैदल निकला। उसे श्रमिक ट्रेन से राजस्थान लौटना था। लेकिन, रेलवे स्टेशन से कुछ दूर पहले वह अचानक गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
एक श्रमिक विशेष ट्रेन में सवार 24 यात्रियों को पश्चिम बंगाल के आसनसोल रेलवे स्टेशन पर उतार दिया गया। यात्रियों को पुरुलिया जाना था, लेकिन बंगलूरू से चली इस विशेष ट्रेन का पुरुलिया में ठहराव नहीं था। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने इन यात्रियों को आसनसोल रेलवे स्टेशन पर उतार दिया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल जांच के बाद सभी लोगों को बस से आसनसोल भेजा जाएगा।