कारगिल विजय दिवस के 20 साल पूरे होने के मौके पर रेलवे इसे यादगार बनाने जा रही है। उसने इसकी गाथा ट्रेन के माध्यम से देश के हर हिस्से में पहुंचाकर नई पीढ़ी को प्रेरित करने की योजना तैयार की है। इसके लिए उत्तर रेलवे की 10 ट्रेनों को विशेष तौर पर सजाया जा रहा है। विनाइल रैपिंग से कोच पर कारगिल युद्ध से जुड़ी तस्वीरें लगाई जा रही हैं।
रेल मंत्री पीयूष गोयल के दफ्तर की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है कि यात्रियों को शहीदों के बारे में जानकारी दी जाएगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि इस तरह की पहली ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस होगी। इसके 15 जुलाई को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और रेल राज्यमंत्री सुरेश सी अंगड़ी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टर सेना ने तैयार कराया हैं। विनाइल पोस्टर इसलिए लगाया गया है कि बाद में हटाने पर कोच का पेंट खराब नहीं होगा। इसमें दुर्गम पहाड़ियों के साथ ही अमर जवान ज्योति और सैनिकों के उत्साह को दिखाया गया है। पोस्टर पर ‘तुझे भूलेगा न तेरा हिंदुस्तान। नवचेतन, नवहर्षित, नवनिर्माण’ लिखा हुआ है। इस तरह से भारतीय रेलवे कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही देशभक्ति से ओत-प्रोत कराएगा।