प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की 100वीं वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं को संबोधित किया। आईए जानते हैं उनके भाषण के 10 बड़ी बातें।
1) गांधी जी के स्वदेशी संदेश को आगे बढ़ाएं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को महात्मा गांधी के 1930 के आत्मनिर्भरता और स्वदेशी वस्तुओं के संदेश को याद किया। उन्होंने कहा कि 100 साल बीत जाने के बाद भी देश को उसी संदेश को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
2) उद्योग जगत को दिया दोस्ती का भरोसा: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उद्योग जगत का पिछला अनुभव इतना कड़वा रहा है कि इसका असर आज भी मौजूदा सरकार के साथ उनके रिश्तों पर पड़ रहा है। यह पुरानी सरकार नहीं है; यह दोस्तों की सरकार है। इसे दोस्ती निभाना आता है, और आप मेरे सच्चे दोस्त हैं। बेझिझक मुझे लिखकर बताएं कि अभी और क्या सुधार किए जाने की जरूरत है।
3) दवा उद्योग को आयात पर निर्भरता घटाने की सलाह: प्रधानमंत्री ने फार्मास्युटिकल उद्योग से कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, फिर भी यह हर साल अरबों डॉलर के एपीआईएस, बल्क ड्रग्स और ड्रग इंटरमीडिएट्स का आयात करता है। ऐसे सैकड़ों क्षेत्र हैं, जिनके लिए हम अभी भी आयात पर निर्भर हैं।
4) कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की अपील: प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योग जगत से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने और विदेशी बाजारों की मांग के उत्पाद विकसित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विदेशी बाजारों को ध्यान में रखते हुए खरीद की भरोसेमंद व्यवस्थाएं बनाएं और ऐसे उत्पाद तैयार करें जिनकी वहां मांग हो, ताकि भारतीय उत्पाद दुनिया भर में हमारी पहचान बन सकें।
5) भारत की अर्थव्यवस्था की तारीफ: पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। देश की विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
6) कॉरपोरेट टैक्स में कटौती का जिक्र: सरकार के कर सुधारों पर बात करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योग जगत, धन सृजन करने वालों और करदाताओं का सम्मान करके तरक्की करते हैं, न कि उनकी आलोचना करके। उन्होंने बताया कि उन्होंने करदाताओं को संदिग्ध मानने की प्रथा पर सवाल उठाया था। हमने मूल कॉर्पोरेट टैक्स की दर को 2014 के 30% से घटाकर 22% कर दिया है।
7) 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स नहीं: पीएम मोदी ने कहा कि अब 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स नहीं लगता। उन्होंने टैक्स रिटर्न और रिफंड की प्रक्रिया आसान होने का भी जिक्र किया। पहले रिफंड मिलने में आठ महीने लग जाते थे, लेकिन अब यह एक हफ्ते के भीतर मिल जाता है।'
8) भारतीय ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता मिले: पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से कहा कि 140 करोड़ भारतीयों को निश्चित बाजार समझकर हल्के में न लें। देश के लोगों को भी निर्यात स्तर की अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलने चाहिए। कहते हैं कि 'यह एक्सपोर्ट क्वालिटी का है'। आप हमारे देशवासियों को क्या समझते हैं? क्या वे अच्छी गुणवत्ता के हकदार नहीं हैं? यह सोच बदलनी चाहिए।
9) मुक्त व्यापार समझौतों का फायदा उठाएं: पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। उद्योग जगत को इनसे मिले अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
10) अक्तूबर में निर्यात ने बनाया रिकॉर्ड: पीएम मोदी ने कहा कि अक्तूबर में भारत का वस्तु निर्यात करीब 50 अरब डॉलर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक आंकड़ा है।