असम के करीमगंज और हैलाकांडी जिलों में हुए भूस्खलन के कारण एक ही परिवार के पांच लोगों समेत 10 लोगों की मौत की खबर है। करीमगंज के सोनाचिर्रा में भूस्खलन के कारण एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए।
पुलिस के मुताबिक तीन दिन से जारी मुसलाधार बारिश के कारण मंगलवार की रात चट्टान युक्त मलबा एक घर पर गिर पड़ा। पहाड़ी किनारे स्थित इस घर में दंपति समेत उनकी बेटी और दो बेटे सो रहे थे और पांचों की मौत हो गई। इसी तरह हैलाकांडी जिले में भूस्खलन की दो घटनाएं हुईं।
पहली घटना बिलाइपुर में हुई जिसमें चार व्यक्तियों की मौत हुई, जबकि रामचांदी इलाके में हुए भूस्खलन में छह वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मलबा दो घरों पर गिरा जहां लोग सो रहे थे। एनडीआरएफ और पुलिसकर्मी राहत और बचाव अभियान में लगे हुए हैं।