देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से कम हो रही है। बीते 24 घंटे में एक लाख 65 हजार 186 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं दो लाख 73 हजार 806 मरीज ठीक भी हुए हैं। जबकि 3,460 लोगों की मौत हुई है। नए मरीजों का आंकड़ा बीते 46 दिन में सबसे कम रहा। इससे पहले 13 अप्रैल को एक लाख 85 हजार 306 नए मरीज मिले थे।
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के 20,740 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 56,92,920 हो गए, जबकि 424 मरीजों की मौत होने से राज्य में इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 93,198 हो गई।
इससे पहले बृहस्पतिवार को 21,273 मामले सामने आए थे और 425 मरीजों की मौत हुई थी। पिछले कुछ दिनों से राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों में लगातार कमी देखी जा रही है। मार्च-अप्रैल के दौरान राज्य में औसतन दो दिन में करीब एक लाख नए मामले सामने आ रहे थे। विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 30,671 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 53,07,874 हो गई।