कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार की तरफ से देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन किया गया है। मजदूर और गरीब तबके के लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए सरकार की तरफ से कई छूट दी गई थीं। ऐसे में इस महीने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.26 करोड़ एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग हुई है। इस दौरान 85 लाख सिलिंडर की डिलीवरी की जा चुकी है। वहीं, बताया गया है कि दो दिनों के भीतर बाकी जगहों पर भी एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी हो जाएगी।
इससे पहले भारत सरकार की तरफ से 4.07 करोड़ गरीब महिलाओं के जनधन खातों में 30,000 करोड़ रुपये बतौर राहत पैकेज के रूप में भेजे गए थे। वहीं, उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन वाले आठ करोड़ गरीब परिवारों के लिंक खातों में केंद्र सरकार की तरफ से 5,000 करोड़ रुपये दिए गए थे।
दरअसल वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की तरफ से 26 मार्च को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना की घोषणा की गई थी। इसमें सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) का ध्यान रखते हुए सरकार ने लाभार्थियों के खाते के आखिरी अंक के आधार पर भुगतान सूची बनाई थी।
केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत आठ करोड़ गरीब परिवारों के लिंक खातों में 5000 करोड़ रुपये का फंड भेजा। इसके तहत लॉकडाउन के दौरान गरीब परिवार तीन गैस सिलिंडरों को मुफ्त में खरीद सकेंगे। बता दें कि इसके तहत उज्ज्वला उपभोक्ता के पास 14.2 किलोग्राम वजन के तीन सिलिंडर या 5 किलोग्राम वजन के आठ सिलिंडर खरीदने का विकल्प होगा। इसके अलावा अगर उज्ज्वला उपभोक्ता जून तक इन तीन सिलिंडरों को नहीं लेता है, तो वह मार्च 2021 तक कभी भी इन पैसों का इस्तेमाल सिलिंडर खरीदने के लिए कर सकता है।