मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिन यानी 28 और 29 दिसंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन मैदानी व निचले पर्वतीय क्षेत्रों में देर रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके लिए सात जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों के कई इलाकों में कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम रहने की संभावना है। बिलासपुर के लिए तो घने से बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार को पूर्वानुमान जारी किया गया कि अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। मध्य और ऊंची पहाड़ियों में शीत दिवस और शीत लहर की स्थिति भी बन सकती है।
मौसम विभाग ने कोहरे के दौरान वाहन चालकों को सतर्क रहने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का प्रयोग करने की सलाह दी है। शीत लहर को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़े पहनने, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने तथा खुले में अनावश्यक गतिविधियों से बचने की हिदायत दी गई है।
Kullu: रोहतांग दर्रा के साथ चंद्रा घाटी के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी
जिला कुल्लू और जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में मौसम ने करवट ली है। रविवार रात को लाहौल की ऊंची चोटियों के साथ-साथ शिंकुला दर्रा और रोहतांग दर्रा के साथ चंद्रा घाटी के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। जिस कारण पूरी घाटी में शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है। नए साल से पहले मौसम में आए बदलाव से पर्यटन कारोबारी को भी ताजा बर्फबारी की उम्मीद बंध गई है।