डल्हौजी में खाई में गिरने से बची पर्यटकों की गाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
पर्यटन नगरी डलहौजी में मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पंजपुला के समीप पंजाब से आए पर्यटकों का वाहन अचानक बेकाबू होकर पीछे की ओर लुढ़कने लगा। वाहन के पीछे खिसकते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को भांपते हुए वाहन में सवार आठ पर्यटकों ने जान बचाने के लिए सड़क और ढलान की ओर छलांग लगा दी। इस दौरान कुछ पर्यटकों को मामूली चोटें आईं है और वाहन पेड़ से अटककर खाई में गिरने से बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक द्वारा ट्रैवलर गाड़ी को सड़क के किनारे पार्क किया गया था। इससे चालक समेत कुछ पर्यटक उतर गए और कुछ वाहन में ही थे। इस दाैरान वाहन पीछे की ओर चल पड़ा। पर्यटकों का कहना है कि वाहन की हैंड ब्रेक ठीक प्रकार से नहीं लगी थी, जिसके चलते यह हादसा होते-होते बचा।
यदि वाहन पेड़ से नहीं रुकता तो जान-माल के बड़े नुकसान की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता था। घटना के समय पर्यटकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।