शनिवार को सीआरपीएफ के सुरक्षा अधिकारी ने वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह की मौजूदगी में रिज मैदान पर सुरक्षा का जायजा लिया। देर शाम मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी तैयारियों की समीक्षा के लिए रिज मैदान पर पहुंचे। कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से लोगों को आमंत्रित किया गया है। रिज मैदान पर इसके लिए भव्य स्टेज बनाया जा रहा है। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी के चलते कार्यक्रम में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहेंगे। स्टेज के सामने सुरक्षा के मद्देनजर डी बनाया जाएगा। स्टेज के साथ ही वीआईपी गेस्ट के लिए वेटिंग एरिया बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
रिज मैदान पर 7,000 कुर्सियां लगाई जाएंगी और 1,000 कुर्सियां रिजर्व रखी जाएंगी। कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को सुरक्षा जांच के बाद ही रिज मैदान पर प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति पर भी विचार किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान रिज पर वीरभद्र सिंह की जीवन यात्रा पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। अतिथि कार्यक्रम में पहुंचने के बाद प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, फिर प्रतिमा का अनावरण और श्रद्धांजलि होगी। इसके बाद जनसभा का आयोजन किया जाएगा। प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।
शिमला पहुंची सोनिया गांधी
कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी रविवार को शिमला पहुंच गई हैं। शिमला पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। सोनिया के शिमला आने के चलते सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।