ऊना। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से वशिष्ठ पब्लिक स्कूल ऊना में ‘अपराजिता 100 मिलियन स्माइल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव एवं न्यायाधीश शिखा लखनपाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर न्यायाधीश शिखा लखनपाल ने विद्यार्थियों को महिला अधिकारों, कानूनी जागरूकता तथा समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के साथ-साथ समाज में फैल रही विभिन्न सामाजिक विकृतियों एवं चुनौतियों के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने पॉक्सो एक्ट, बाल अपराध के साथ ही न्यायिक कार्यप्रणाली के बारे में भी जागरूक किया और कहा कि आज की युवा पीढ़ी सोशल मीडिया फॉलोअर बढ़ाने की होड़ के चुंगल में फंसकर रह गई है। जिंदगी में अच्छा इंसान बनना है तो त्याग करना सीखो, तभी आगे बढ़ पाएंगे।
विद्यार्थियों को समझाया गया कि वे ऐसी परिस्थितियों और नकारात्मक प्रभावों से स्वयं को किस प्रकार सुरक्षित रख सकते हैं तथा अपने जीवन में सही निर्णय लेने के लिए सजग और सतर्क रहना क्यों आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए। छात्रा आशिता का कहना है कि अमर उजाला अपराजिता कार्यक्रम में शामिल होकर मुझे बहुत अच्छा लगा।
वक्ताओं द्वारा दी गई जानकारी बहुत उपयोगी और रोचक थी। इस कार्यक्रम ने हमें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहज, शालीन एवं संतुलित ढंग से उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुज वशिष्ठ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस सार्थक पहल के लिए अमर उजाला फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता, आत्मविश्वास, सामाजिक जिम्मेदारी और कानूनी समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।