खानपुर स्कूल के पास हादसा, कार चालक मौके से भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्र के खानपुर स्कूल के पास सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने गलत दिशा में जाकर बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार करवाया गया।
पुलिस के अनुसार नंगड़ा निवासी 27 वर्षीय अंकुश कुमार सोमवार को निजी काम से संतोषगढ़ गया था। शाम करीब सात से सवा सात बजे के बीच वह अपनी बाइक पर घर लौट रहा था। जब वह खानपुर स्कूल के पास पहुंचा तो ऊना की तरफ से आ रही एक कार ने अपनी दिशा छोड़कर गलत दिशा में आते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अंकुश बाइक समेत सड़क पर गिर गया और उसकी टांग सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
हादसे के बाद कार चालक संतोषगढ़ की तरफ भाग गया। पुलिस चौकी संतोषगढ़ की टीम क्षेत्रीय अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि थाना सदर ऊना में अज्ञात कार चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर फरार चालक की तलाश में जुटी है।