सीमावर्ती क्षेत्र मैहतपुर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस सख्त
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर ऊना पुलिस की एसआईयू टीम ने शनिवार देर शाम नगर परिषद मैहतपुर बसदेहडा के वार्ड नौ में एक युवक को 10.28 ग्राम चिट्टे ( हेरोइन) के साथ दबोचा है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम 1988 की धारा (21) के तहत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर शाम को सूचना के आधार पर दबिश देकर नगर परिषद मैहतपुर बसदेहडा के निवासी विजेंद्र कुमार को मौनी बाबा कुटिया के निकट पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ग्राम 10.28 चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस आरोपी के अगले और पिछले सभी संपर्क की जांच में जुट गई है, ताकि मुख्य आरोपी तक कानून के लंबे हाथ पहुंच सके। नशीले पदार्थों की सप्लाई करने तथा युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने के आरोप पुलिस ने कुछ दिन पूर्व ही विशाल चंदेल पुत्र बहाल सिंह वार्ड दो नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा को नशीले पदार्थों की सप्लाई करने के गंभीर आरोप में हिरासत में लिया था। एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा कहा कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर कार्रवाई करते हुए उक्त आरोपी को पकड़ा गया है। कहा कि इस प्रकार की गैर कानूनी गतिविधियों में लगे युवाओं को अब किसी भी कीमत बख़्शा नहीं जाएगा।
लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने लोगों से अपील की है कि अपने आस पड़ोस में कोई भी इस प्रकार से नशे की सप्लाई करते अथवा इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त हो तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सके।