जिला आयुष विभाग में शुरू की नहीं पहल
लोगों को योग के प्रति किया जाएगा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। आयुष विभाग जिले के नागरिक अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में योग जागरुकता शिविर आयोजित करेगा। इस संबंध में विभाग ने अधिकारियों और योग प्रशिक्षकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग से भी सहयोग लिया जाएगा। योग के प्रति जागरुकता बढ़ाने के लिए आयुष विभाग लगातार प्रयासरत है। अब तक विभागीय केंद्रों पर योग शिविर लगाए जा रहे थे, वहीं अब नागरिक अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में भी शिविर लगाने का निर्णय लिया गया है। ये शिविर अस्पताल प्रबंधन की ओर से तय किए गए समय अनुसार आयोजित होंगे। इस दौरान अस्पताल के स्टाफ सदस्यों के साथ-साथ मरीजों और उनके तीमारदारों को भी योग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आज की व्यस्त दिनचर्या और असंतुलित खान-पान के कारण लोग कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। ऐसे में योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए इन शिविरों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अगले माह होगा अस्पतालों का चयन
स्वास्थ्य संस्थानों में योग शिविर लगाने के लिए आगामी माह में अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का चयन किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक उपमंडल के स्वास्थ्य खंड अधिकारी से सहयोग लिया जाएगा। चयनित अस्पतालों की जानकारी योग प्रशिक्षकों से साझा की जाएगी, जिसके बाद इन शिविरों का शेड्यूल तय किया जाएगा।
कोट
आयुष विभाग ने नागरिक अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में योग शिविर लगाने की योजना बनाई है। इसे लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। -डॉ. किरण शर्मा, जिला आयुष अधिकारी, ऊना