ऊना। जिले के सबसे बड़े अस्पताल में अब बिजली गुल होने पर भी एक्स-रे और सीटी स्कैन की सुविधा मिलेगी। इस समय जेनरेटर में लोड की दिक्कत के चलते अस्पताल में बिजली से चलने वाली मशीनें कुछ देर बाद बंद हो जाती हैं। मशीनें बंद होने से मरीजों को या तो निजी लैब में जाना पड़ता है या बिजली आने का इंतजार करना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए अस्पताल में नया जेनरेटर लगाने के लिए कवायद शुरू की दी है।
उपायुक्त के निर्देश के बाद ऊना अस्पताल में नया जेनरेटर स्थापित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस समय अस्पताल में जो जेनरेटर है, वह पुराना है। इसकी कुछ दिन पहले सर्विस भी की जा चुकी है। सर्विस के बावजूद जेनरेटर में लोड की दिक्कत है। लोड कम होने से अस्पताल में कई मशीनें बंद हो जाती हैं। इस कारण अस्पताल में एक्स-रे और सीटी स्कैन नहीं हो पाते हैं। उपायुक्त ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए अस्पताल में नया जेनरेटर जल्द से जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
अस्पताल प्रबंधन नया जेनरेटर स्थापित करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। अस्पताल में नया जेनरेटर लगने से मरीजों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को राहत मिलेगी। अस्पताल में स्थापित किए जाने वाले जरनेटर लंबे समय तक बिजली जाने पर भी मशीनों को संचालित करेगा। इस संबंध में एमएस ऊना डॉ. निर्दोष भारद्वाज ने बताया कि अस्पताल में करीब 32 लाख की लागत से नया जेनरेटर स्थापित होने जा रहा है। अस्पताल में 15 दिन के भीतर इस जेनरेटर को लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।