ऊना। पुलिस कांस्टेबल भर्ती का शारीरिक दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 27 मार्च को होगी। लिखित परीक्षा का आयोजन निर्धारित तिथि पर 12 से एक बजे केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट पंडोगा हरोली में होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी अभ्यर्थियों को एसएमस से इस बाबत पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सूचना भेज दी गई है।
लिखित परीक्षा में हिस्सा लेने वाले अभ्यर्थी ऑनलाईन पोर्टल www.recruitment.hppolice.gov.in/login पर लॉग-इन कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। पुलिस ने लिखित परीक्षा के लिए उम्मीदवारों के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि लिखित परीक्षा के लिए सभी अभ्यर्थी निर्धारित तिथि व स्थान पर सुबह नौ बजे रिपोर्ट करेंगे।
हर उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में अपनी वर्तमान रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, आईडी प्रूफ व एडमिट कार्ड साथ लाना होगा। इन दस्तावेजों के बिना किसी भी अभ्यर्थी को लिखित परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। उम्मीदवार को मास्क पहनना और सैनिटाइजर साथ लाना होगा। उन्होंने बातया कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, लैपटॉप, कैमरा, बैग व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को लेकर जाना पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। बताया कि पुलिस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा को लेकर उम्मीदवार जानकारी के लिए दूरभाष नंबरों 94180-06261, 88948-03383, 98162-71442 व 94183-77215 संपर्क कर सकते हैं।