ऊना में सावन माह के पहले सोमवार को जलाभिषेक करते शिव भक्त।
- फोटो : अमर उजाला
सावन माह के पहले सोमवार को जिला भर के शिवालय भोले बाबा के जयकारों से गूंज उठे। गगरेट के प्राचीन द्रोण शिव मंदिर शिवबाड़ी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर में सुबह से ही शिव भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। सावन माह में शिव आराधना के लिए सोमवार का अपना ही महत्व होता है।
इसके चलते स्थानीय एवं पड़ोसी राज्य के शिव भक्त सुबह से ही शिवबाड़ी परिसर में कतारें लगाकर जलाभिषेक के लिए इंतजार करते रहे। शिवबाड़ी के मुख्य पुजारियों अजय कुमार एवं अश्वनी कुमार के मुताबिक वैसे तो शिव आराधना के लिए पूरा वर्ष ही उपयुक्त होता है। सोमवार को सुबह से ही शिवबाड़ी परिसर में वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया तथा शिव भक्तों ने पूरे जोश के साथ शिव भोले के जयकारे लगाकर समस्त इलाके का वातावरण भक्तिमय बना डाला।
वहीं, जिला के बनौड़े महादेव मंदिर चताड़ा, महादेव मंदिर कोटलां में भी श्रद्धालुओं की खासी चहल-पहल रही। भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर भगवान शिव की पूजा अर्चना कर मन्नतें मांगीं। शिव भक्तों अजय, रमन शर्मा, विकास कुमार, संजीव पराशर के अनुसार सावन माह में पड़ने वाले सोमवार को शिव आराधना करने से अच्छे फल की प्राप्ति होती है तथा सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।