गगरेट (ऊना)। जीतपुर बहेड़ी में जन्मदिन समारोह के दौरान एक कामगार के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चार लोगों पर जातिसूचक शब्द कहने, गाली-गलौज, गला दबाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना गगरेट में चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में घगोह निवासी राम पाल ने बताया कि वह जीतपुर बहेड़ी स्थित शान इंडस्ट्रीज में काम करता है। 10 नवंबर को वह अपने साथी मुनीष के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब आठ बजे जगीरा नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार राकेश कुमार, जगीरा, शम्मी और सुभाष चंद ने मिलकर उसके साथ हाथापाई की। आरोप है कि राकेश कुमार ने उसे गले से पकड़ लिया, जबकि अन्य लोगों ने धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और मुक्कों से हमला किया। इस दौरान उसका गला दबाने का प्रयास भी किया गया। मारपीट में उसके मुंह, हाथ और घुटनों पर चोटें आईं। साथी कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। राम पाल ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की बताया कि शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।