क्षेत्रीय अस्पताल ऊना को सीवरेज लाइन से जोड़ने का कार्य शुरू।
ऊना। जल शक्ति विभाग ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना को सीवरेज लाइन से जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया है। अस्पताल परिसर के पास पाइप बिछाने और चैंबर बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। विभाग का लक्ष्य आगामी 15 दिनों में यह कार्य पूरा करना है।
हाल ही में हुई बारिश के कारण दो दिन तक कार्य बाधित रहा था, जिसे मौसम साफ होने के बाद दोबारा शुरू कर दिया गया। 10 लाख रुपये की सीवरेज लाइन बिछाई जा रही है। लंबे समय से अस्पताल में गंदे पानी की निकासी के लिए पुरानी पाइपलाइन का इस्तेमाल हो रहा था, जिससे शौचालयों में पानी रुकने की समस्या आती थी।
इस कारण मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अस्पताल प्रबंधन ने इस समस्या को लेकर प्रशासन से सीवरेज लाइन की मांग की थी। इसके बाद जल शक्ति विभाग ने निरीक्षण कर योजना तैयार की और अब कार्य शुरू कर दिया है।
मातृ शिशु अस्पताल को भी मिलेगा लाभ
क्षेत्रीय अस्पताल के बाद मातृ शिशु अस्पताल को भी सीवरेज सुविधा से जोड़ा जाएगा। वर्तमान में क्षेत्रीय अस्पताल में जगह-जगह चैंबर बन चुके हैं और पाइप बिछाने का कार्य जारी है। कार्य पूरा होने के बाद मरीजों और अस्पताल प्रबंधन को इस समस्या से राहत मिलेगी।
क्षेत्रीय अस्पताल को सीवरेज लाइन से जोड़ने के लिए कार्य शुरू हो गया है। आगामी 15 दिनों में कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। अस्पताल में सीवरेज बिछाने पर करीब 10 लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है।
-डॉ. संजय मनकोटिया, एमएस, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना