परिजनों से मिलीं आयोग सदस्य, एसपी से मांगी जांच रिपोर्ट ग्रामीण महिलाओं ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। अंबोआ की 26 वर्षीय वैशाली की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब महिला आयोग तक पहुंच गया है। महिला आयोग की सदस्य सरोज शर्मा ने अंबोआ पहुंचकर वैशाली के परिजनों से मुलाकात की और घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद वह उस स्थान पर भी पहुंचीं, जहां जंगल में वैशाली का शव बरामद हुआ था।
सरोज शर्मा के पहुंचने की सूचना मिलते ही गांव की करीब 50 महिलाएं भी मौके पर पहुंचीं। महिलाओं ने आयोग सदस्य के समक्ष अपनी चिंताएं रखते हुए मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि वैशाली की मौत की सच्चाई सामने आनी चाहिए और जांच में किसी भी महत्वपूर्ण पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
आयोग सदस्य ने परिजनों और ग्रामीण महिलाओं की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए आयोग अपनी निगरानी रखेगा। उन्होंने कहा कि परिवार के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिलना जरूरी है।
सरोज शर्मा ने जिला पुलिस अधीक्षक से मामले में अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है। उन्होंने पुलिस जांच से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली और कहा कि सभी तथ्यों के आधार पर सच्चाई सामने आनी चाहिए।
गौरतलब है कि वैशाली रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हुई थी। बाद में उसका शव घर के समीप जंगल में मिला था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।