ऊना। जिले के सबसे बड़े अस्पताल में जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मातृ शिशु अस्पताल में मेमोग्राफी टेस्ट की सुविधा मिल पाएगी। आगामी दो माह के भीतर मेमोग्राफी मशीन अस्पताल में स्थापित हो जाएगी। बता दें कि मातृ शिशु अस्पताल जिले का ऐसा पहला अस्पताल है जहां मेमोग्राफी टेस्ट के माध्यम से ब्रेस्ट कैंसर का पता लगाया जा सकेगा। इस मशीन के स्थापित होने के बाद जिले की महिला शक्ति को इसका लाभ मिलेगा।
मेमोग्राफी टेस्ट से ब्रेस्ट कैंसर के शुरूआती लक्षणों का पता लगाया जाता है। स्क्रीनिंग मेमोग्राफी के जरिए छोटी से छोटी गांठ का पता चल जाता है। यदि कैंसर की शुरूआती अवस्था और गांठ बहुत छोटी है तो स्क्रीनिंग के जरिए दिख जाता है। ऐसे में शुरुआती चरण में ही बीमारी का पता चलने से महिला रोगी को समय पर उपचार मिल पाएगा। इससे पहले जिला ऊना के किसी भी सरकारी संस्थान में यह मशीन स्थापित नहीं है।
ऐसे में महिला रोगियों को इस टेस्ट को करवाने के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज, पीजीआई चंडीगढ़ व निजी लैब का रुख करना पड़ता है। अब मातृ शिशु अस्पताल ऊना में मेमोग्राफी मशीन स्थापित हो जाने से महिला रोगियों को राहत मिलेगी। मेमोग्रामी टेस्ट करीब 2500 से 3000 रुपये तक होता है। अब रोगियों को यह सुविधा सस्ते दामों पर उपलब्ध हो पाएगी।
मातृ शिशु अस्पताल में एक ही छत के नीचे महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। दो माह के भीतर मेमोग्राफी मशीन स्थापित कर दी जाएगी।
-डॉ. संजय मनकोटिया, एमएस, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना