थाना बंगाणा के तहत गांव त्यासर में 23 वर्षीय विवाहित महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई है। मृतक महिला की पहचान माया देवी निवासी त्यासर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है।
पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक त्यासर निवासी माया देवी के पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लठियाणी बाजार में सब्जी की दुकान करता है। रोज की तरह वह सुबह अपनी दुकान पर आ गया। घर पर उसकी पत्नी, माता-पिता और उसकी बेटा-बेटी मौजूद थे। उसे घर से फोन आया कि उसकी पत्नी की तबीयत बेहद खराब है। इस पर वह घर पहुंचा तो तुरंत माया को बड़सर स्थित अस्पताल ले गया। उपचार के दौरान माया देवी ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि विवाहिता की शादी छह वर्ष पूर्व त्यासर में हुई थी।
मृतका अपने पीछे अपने पति, चार वर्षीय बेटा और दो वर्षीय बेटी को छोड़ गई है। महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन किस कारण से किया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि मामले के संदर्भ में जांच की जा रही है। मामले को लेकर परिजनों के बयान भी कलमबद्ध किए जा रहे हैं।