मौसम में अचानक आ रहे बदलाव से बढ़ेगी बच्चों की चुनौती
सर्दी के मौसम के चलते हुई थी संस्थानों में छुट्टियां
परीक्षाओं से पहले बच्चों के लिए सर्द मौसम में कक्षाएं लगाना हो रहा था मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के स्कूलों में सर्दी की छुट्टियां शुक्रवार से खत्म हो गई हैं। स्कूलों में 11 से 16 जनवरी तक छह छुट्टियां रहीं। अब दोबारा स्कूलों में विद्यार्थियों की रौनक लौट आई। परीक्षाओं को कुछ दिन शेष रहने के चलते बच्चों का पूरा ध्यान अब तैयारी पर है। वहीं, अध्यापक भी बच्चों को परीक्षाओं से जुड़ी तैयारी करवाने में जुट गए हैं।
जानकारी के मुताबिक जिले में सर्द मौसम के बढ़ते प्रकोप के बीच शिक्षा विभाग ने जनवरी में कुछ दिन स्कूलों में अवकाश की घोषणा की। लेकिन, छुट्टियों के बाद भी मौसम से जुड़ी दुश्वारियां खत्म नहीं हुई हैं। बीते वीरवार को दिनभर बादल छाए रहने और धुंध रहने के बाद शुक्रवार को धूप खिल गई। प्रतिदिन मौसम में एकाएक हो रहे बदलाव से बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियां बढ़ी हैं। इसके साथ ही सर्दी के बीच कक्षाओं में बैठकर पढ़ना भी बच्चों के लिए चुनौती बना हुआ है।
कई स्कूलों में कुछ दिन के भीतर छोटी कक्षाओं की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई के लहजे से वर्तमान का समय बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में अभिभावक भी नहीं चाहते कि विद्यार्थियों की छुट्टियां सर्दी के चलते और बढ़ाई जाएं। शुक्रवार को स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम रही। सोमवार से शत-प्रतिशत विद्यार्थियों के स्कूल आने की उम्मीद है।
कोट्स
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोमलाल धीमान ने बताया कि स्कूलों की शीतकालीन छुट्टियां शुक्रवार को खत्म हो गई हैं। मौसम के लिहाज से अब स्थिति बेहतर है। सभी स्कूलों को विद्यार्थियों की पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और अच्छे रिजल्ट लाने के निर्देश दिए गए हैं।