नंगल। क्षेत्र की अनाज मंडियों में शुक्रवार से गेहूं खरीद का काम शुरू हो गया। इसका जायजा लेने एडीसी रूपनगर चंद्रज्योति, एसडीएम नंगल अनमजोत कौर नंगल अनाज मंडी पंहुचे। यहां उन्होंने खरीद कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार प्रदेश सरकार ने किसानों को अनाज मंडियों में पहुंचने पर किसी भी तरह की दिक्कत पेश न आए, इसके पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कहा कि किसानों व आढ़तियों के लिए शौचालयों से लेकर पीने के पानी का उचित प्रबंध किया गया। अगर बारिश होती है तो गेहूं की फसल रखने के लिए सिंचाई विभाग के बड़े शेड की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने कहा कि खरीद एजेंसियों को भी सरकार की ओर से खास दिशा-निर्देश जारी किए गए कि फसल की खरीद में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पहले दिन मंडी में पहुंचाया गेहूं उच्च गुणवत्ता का है। इस मौके पर एडवोकेट निशांत गुप्ता, हितेश शर्मा, मनजोत राणा, बलराम राणा, फूड सप्लाई इंस्पेक्टर रजिंद्र मोहन गौतम उपस्थित रहे।