बोले, महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं तो पूरा परिवार और समाज होता है सशक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। स्वदेशी जागरण मंच जिला ऊना की ओर से युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार, स्वावलंबन और आत्मनिर्भर भारत की भावना से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में दो कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वदेशी विचारधारा को व्यवहार में उतारते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का संदेश दिया गया। मंच जिला पूर्णकालिक सत्य देव शर्मा सहोड़ ने बताया कि कार्यक्रमों की शृंखला में प्रथम आयोजन जिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ऊना में किया गया। जहां स्वरोजगार, स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भर बनने विषय पर एक विस्तृत कार्यशाला आयोजित हुई। इस कार्यशाला में आईटीआई के लगभग 70 प्रशिक्षु विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विनय शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता विनय शर्मा ने युवाओं को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ उद्यमिता, स्टार्टअप संस्कृति, लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की सोच विकसित करनी चाहिए। जब महिलाएं आत्मनिर्भर बनती हैं तो पूरा परिवार और समाज सशक्त होता है।