जिलेभर में एनएसएस शिविरों का समापन, स्वयंसेवियों ने दिखाया सेवा भाव
अच्छे संस्कार के साथ देश प्रेम जगाते हैं एनएसएस शिविर : रोहित
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा/बड़ूही/चकसराय/अंब/जोल (ऊना)। जिले के विभिन्न स्कूलों में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविरों का शुक्रवार को समापन हुआ। उपमंडल अंब के चुरुडू स्कूल में समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष रजनी बाला मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने स्वयंसेवियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और नॉट फार मी, बट यू के सिद्धांत को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
हटली स्कूल में थाना बंगाणा प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित चौधरी ने विद्यार्थियों को कानून व्यवस्था, सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनएसएस का अर्थ समर्पण है और इसका उद्देश्य निस्वार्थ समाज सेवा है। धुंधला स्कूल में प्रधानाचार्य किशोरी लाल ने शिविर के अनुभवों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी, जबकि प्रभारी राम कुमार ने सात दिनों की गतिविधियों का ब्योरा दिया।
चौकी मन्यार स्कूल में एसएमसी अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। स्वयंसेवियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और समाज सेवा पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। ठाकुर ने विद्यार्थियों की लगन और सेवा भावना की सराहना की। टकारला स्कूल में तीसरे दिन विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाया और बैंकिंग व स्वास्थ्य पर जानकारी प्राप्त की। यूको बैंक प्रबंधक विवेक धीमान ने बैंकिंग, डिजिटल सुरक्षा और वित्तीय साक्षरता पर मार्गदर्शन दिया। तलमेहड़ा स्कूल में पांचवें दिन स्वयंसेवियों ने बाबा बालक नाथ मंदिर रौणखर में श्रमदान किया और भजन-कीर्तन से भक्तिमय माहौल बनाया।
स्वयंसेवियों को किया सम्मानित
गगरेट के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नंगल जरियालां में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन अनुशासित ढंग से हुआ। मुख्य अतिथि सीमा देवी ने स्वयंसेवियों के सेवा भाव और अनुशासन की सराहना की। अंत में एनएसएस अधिकारी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया। वहीं, नैहरियां स्कूल में चौथे दिन एडवोकेट विकास कश्यप ने विद्यार्थियों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।