ऊना। हरपाल की मौत के मामले में पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मृतक का विसरा जांच के लिए धर्मशाला भेजा है। अब विसरा रिपोर्ट और क्षेत्रीय अस्पताल प्रशासन की ओर से गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी ऊना अजय राणा ने बताया कि हरपाल की विसरा रिपोर्ट जांच के लिए धर्मशाला भेजी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया ने बताया कि मामले की जांच के लिए गठित टीम ने पड़ताल शुरू कर दी है। कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि 30 सितंबर की सुबह हरपाल की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने मामले को लेकर सवाल उठाए और मौत के कारणों की जांच की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विसरा जांच के लिए भेजा है जबकि अस्पताल प्रशासन ने भी जांच कमेटी गठित की है। अब दोनों रिपोर्टों के आधार पर ही मामले में आगे की कार्रवाई होगी।