बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत नंदपुर-नैहरियां सड़क पर शुक्रवार को पिकअप और तेल टैंकर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन पंजोआ से नंदपुर की ओर जा रहा था जबकि तेल टैंकर कांगड़ा की ओर जा रहा था। ठठल पंचायत के गांव हलेड़ा में पेट्रोल पंप के समीप स्थित तीखे मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे बड़ी मात्रा में उगी झाड़ियों और तीखे मोड़ के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात को सुचारु रूप से बहाल किया। बाद में दोनों वाहन चालकों के बीच आपसी समझौता हो गया।
ठठल पंचायत के प्रधान पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि नंदपुर-नैहरियां सड़क काफी व्यस्त है और प्रतिदिन सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई और तीखे मोड़ों पर चेतावनी संकेतक लगाने की मांग को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग से संपर्क किया जा चुका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद विभाग की ओर से अभी तक सड़क की स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पंचायत प्रधान ने लोक निर्माण विभाग से सड़क किनारे झाड़ियों की जल्द कटाई करने और दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्रों व तीखे मोड़ों पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में होने वाले सड़क हादसों को रोका जा सके।