ऊना। जिला मुख्यालय से सटे कुरियाला गांव में वीरवार देर रात चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवक खेत में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका तार (फेंसिंग) की सामग्री और बैटरी चोरी कर रहा था। ग्रामीणों ने उसे मौके पर ही काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार देर रात गांव के कुछ लोगों को खेतों की ओर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जब उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो एक युवक झटका तार प्रणाली में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और बैटरी निकाल रहा था। ग्रामीणों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक नशे का आदी है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने साथ थाने ले गई। हालांकि संबंधित व्यक्ति की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि शिकायत प्राप्त न होने के कारण आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पूछताछ के बाद उसे भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।