फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क से जुड़ेंगे ढाई सौ से कम आबादी वाले गांव

Sat, 28 May 2016 11:54 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ऊना
विज्ञापन
ऊना के बंगाणा में सांसद अनुराग का स्वागत करते लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
अब ढाई सौ से कम आबादी वाले गांव भी सड़क सुविधा से जड़ेंगे। सांसद अनुराग ठाकुर ने बाकायदा इसके लिए अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक शनिवार को सांसद अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें सांसद अनुराग ठाकुर ने केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा करते हुए इनके क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने सांसद निधि के विकास कार्यों को भी तेजी से अमलीजामा पहनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ढाई सौ से कम आबादी वाले गांवों के लिए भी प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए और कहा कि अभी तक ढाई सौ या इससे अधिक आबादी वाले गांवों को इस योजना के तहत सड़क से जोड़ा जा रहा है। भविष्य में अगर केंद्र सरकार ढाई सौ से कम आबादी वाले गांवों को भी इस योजना के तहत सड़क से जोड़ने का निर्णय लेती है, तो इसके लिए हमें पहले से ही पूरी तैयारी रखनी होगी। उन्होंने कहा कि ऊना जिले में इस समय ढाई सौ या इससे ज्यादा आबादी वाले सिर्फ दस गांव इस योजना के तहत लाभान्वित होने बाकी रह गए हैं, जिनमें हरोली और धुंधला ब्लॉक के 4-4 और अंब ब्लॉक के दो गांव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दिसंबर तक इनकी डीपीआर तैयार कर ली जाएगी।
विज्ञापन

पीएमएसवाई के तहत 9 पुल तैयार
सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिले में 6 करोड़ 22 लाख 87 हजार रुपये खर्च कर 9 पुल निर्मित किए गए हैं। 21 सड़कों की डीपीआर अनुमोदित की गई है, जिनके लिए जल्द टेंडर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत पिछले साल 12 करोड़ खर्च हुए थे, जबकि इस वर्ष 14 करोड़ 62 लाख 15 हजार की राशि खर्च की गई है। उन्होंने बताया कि इंदिरा आवास योजना के तहत मार्च 2016 तक 55 लाख 50 हजार खर्च किए गए हैं।
स्कूलों में कमरों की रिपोर्ट तलब
सांसद अनुराग ठाकुर ने अधिकारियों से उन्हें यह रिपोर्ट भिजवाने को कहा कि जिले में कितने स्कूलों में कितने कमरों की कमी है। इसके अलावा उन्होंने बैठक में सर्वशिक्षा अभियान, स्वच्छ भारत अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित केंद्र प्रायोजित अन्य स्कीमों की भी समीक्षा की। बैठक में ऊना के विधायक सतपाल सत्ती, कुटलैहड़ के विधायक वीरेंद्र कंवर, डीसी यूनुस, जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, नगर परिषद अध्यक्ष बाबा अमरजोत बेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सरकारी तथा गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें