बाहरी राज्यों के लिए रविवार को यात्रियों की तादाद बढ़ने से चलाई छह अतिरिक्त बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। घनी धुंध और कोहरा रेलवे और परिवहन सेवाओं पर असर डाल रहे हैं। रविवार को वंदेभारत ट्रेन रेलवे स्टेशन ऊना आधे घंटे देरी से पहुंची, जबकि साबरमती एक्सप्रेस 25 मिनट लेट रही। बाकी ट्रेनें समय पर रहीं। यात्रियों को देरी के चलते परेशानी हुई। मौसम इसी तरह बना रहा तो रेलवे सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
वहीं, हिमाचल पथ परिवहन निगम की 16 स्थानीय बसें रविवार को नहीं चलीं। निगम का कहना है कि अवकाश के कारण इन रूटों पर सवारियां कम थीं, इसलिए बसें क्लब करके चलाई गईं। लेकिन बाहरी राज्यों के लिए रविवार को यात्रियों की संख्या बढ़ने पर ऊना डिपो से चंडीगढ़ के लिए छह अतिरिक्त बसें चलाई गईं। उप मंडलीय प्रबंधक सुरेश धीमान के अनुसार, अतिरिक्त बसें यात्रियों की सुविधा के लिए लगाई गईं।