ऊना। जिला ऊना और आसपास रेल में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब अंब अंदौरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। इसे लेकर उत्तरी रेलवे ने आदेश जारी कर दिए हैं। यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर दिया गया है और पांच माह तक यात्री संख्या व टिकट बिक्री की समीक्षा के बाद इसे जारी रखने पर फैसला लिया जाएगा। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के नंगल डैम ठहराव शुरू करने को लेकर 29 जुलाई को उत्तर रेलवे विभाग द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
रेलवे के आदेश के अनुसार 22448 अंब अंदौरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस का नंगल डैम स्टेशन पर ठहराव 29 जुलाई से प्रभावी होगा। ट्रेन दोपहर 1:43 बजे नंगल डैम रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और 1:53 बजे वहां रवाना होगी। वहीं 22447 नई दिल्ली-अंब अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव 30 जुलाई से शुरू होगा। यह ट्रेन नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर सुबह 10:18 बजे पहुंचेगी और वहां से 10:20 बजे रवाना होगी।
रेलवे ने वाणिज्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि नंगल डैम स्टेशन से होने वाली टिकट बिक्री और यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखी जाए तथा पांच माह के भीतर रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए। समीक्षा के बाद ही इस ठहराव को स्थायी बनाए रखने या समाप्त करने का निर्णय लिया जाएगा।