नंगल (ऊना)। नगर परिषद नंगल की बैठक चेयरपर्सन किरण बाला की अध्यक्षता में हुई। दोपहर दो बजे शुरू हुई बैठक में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस और भाजपा पार्षदों के विरोध के चलते बैठक में रखे गए सभी 11 प्रस्तावों को मंजूरी नहीं मिल सकी। इनमें शहर के विभिन्न वार्डों में करीब 77.50 करोड़ रुपये के विकास कार्य भी शामिल थे।
कांग्रेस और भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि नियमों के अनुसार बैठक से 72 घंटे पहले उन्हें एजेंडे की प्रतियां उपलब्ध नहीं करवाई गईं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके वार्डों में सफाई और विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद अधिकारियों की ओर से उनकी राय नहीं ली जाती और शिकायतों पर भी उचित कार्रवाई नहीं होती।
सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने विपक्ष से विकास कार्यों को मंजूरी देने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर के विकास को राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। हालांकि, विपक्षी पार्षद सभी प्रस्तावों के विरोध पर कायम रहे।
बैठक के दौरान भाजपा पार्षद रणजीत सिंह लक्की ने विपक्ष के विरोध को कार्यवाही में दर्ज करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। सदन में कांग्रेस के आठ और भाजपा के तीन पार्षद एकजुट नजर आए। दोनों दलों के पार्षदों के बीच दिखाई दिया तालमेल भी चर्चा का विषय रहा।
बैठक के बाद कांग्रेस पार्षद लखवीर सिंह लक्की और भाजपा पार्षद रणजीत सिंह लक्की ने कहा कि वे शहर के विकास में सहयोग के लिए तैयार हैं, लेकिन सत्ता पक्ष को विपक्षी पार्षदों को उचित सम्मान देना चाहिए।
वहीं, आम आदमी पार्टी नेता डॉ. संजीव गौतम ने कहा कि सरकार नंगल का सर्वांगीण विकास चाहती है, लेकिन विपक्ष विकास कार्यों को आगे नहीं बढ़ने दे रहा। उन्होंने कहा कि बैठक में यह स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आई है।
सोनिया और कमला में तीखी नोकझोंक
बैठक में वार्ड नंबर आठ की आम आदमी पार्टी पार्षद कमला देवी और कांग्रेस पार्षद सोनिया सैनी के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों के बीच व्यक्तिगत टिप्पणियों को लेकर विवाद बढ़ गया और काफी देर तक नोकझोंक होती रही।
-