ऊना। थाना सदर के तहत एक गांव की महिला ने दो देवरों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने शिकायत में बताया कि 15 मई को उसका देवर सुबह 11 बजे शराब पीकर घर आया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद शाम के समय आरोपी फिर घर आया और उसके पति के साथ शराब का सेवन किया।
महिला ने बताया कि वह बच्चों को लेकर खेत में चली गई। यहां उसका देवर पहुंचा और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद जब वह घर लौटी तो फिर उसके दोनों देवर घर आ गए औरउसके चाचा ससुर के साथ मारपीट की और उसे डंडे से मारने लगे। इस दौरान आरोपियों ने उसके घर में रखा सामान भी तोड़ा डाला। महिला ने बताया कि उसने और उसके पति ने भागकर जान बचाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मलाहत नगर में उद्योगपति के साथ मारपीट
ऊना। थाना सदर के तहत मलाहत नगर में एक उद्योगपति व उसके बेटे को धमकाने का मामला सामने आया है। उद्योगपति ने आरोपियों से खुद की जान को खतरा बताया। पुलिस ने शिकायत मिलने पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता अजय दूबे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीते 18 साल से मलाहत नगर में रेलवे ओवरब्रिज के पास वह बीते 18 साल से उद्योग चला रहे हैं। कहा कि उद्योग को सीवरेज कनेक्शन देने के लिए जल शक्ति विभाग की ओर से क्षेत्र में कार्य चल रहा है। बीते सोमवार को उसे संबंधित ठेकेदार का फोन आया कि कुछ लोग सीवरेज के कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह और उसका बेटा सूरज मौके पर पहुंचे तो वहीं पहले से करीब 8-10 लोग मौजूद थे। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। अजय दूबे ने कहा कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद