दौलतपुर चौक(ऊना)। मरवाड़ी क्षेत्र में मुख्य सड़क पर बनाया गया स्पीड ब्रेकर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। लोगों का कहना है कि अस्थायी रूप से लगाया गया यह स्पीड ब्रेकर अब दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से इसे जल्द हटाने की मांग उठाई है।
जानकारी अनुसार रेलवे विभाग द्वारा मरवाड़ी में ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान अस्थायी रूप से स्पीड ब्रेकर बनाया था। उस समय भारी मशीनरी और निर्माण कार्य के चलते वाहनों की गति नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई थी लेकिन अब ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बावजूद इसके विभाग द्वारा मुख्य सड़क से स्पीड ब्रेकर नहीं हटाया गया। स्थानीय लोगों संदीप कुमार, कुंदन लाल, कुकू पंडित, बलवंत सिंह का कहना है कि अचानक बने इस ऊंचे स्पीड ब्रेकर के कारण कई वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं, जिससे हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। खासकर रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह बड़ा खतरा साबित हो सकता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस स्पीड ब्रेकर को जल्द हटाया जाए। वहीं लोक निर्माण विभाग दौलतपुर चौक के अधिशासी अभियंता एचजी कौशल ने बताया कि मामला ध्यान में है। इसका जल्द समाधान किया जाएगा।