संतोषगढ़ नगर परिषद में आयोजित नवनिर्वाचित पार्षदों की पहली बैठक में उपस्थित पार्षद व नप के अधिक?
- फोटो : Una
संतोषगढ़ (ऊना) । नगर परिषद संतोषगढ़ में नवनिर्वाचित पार्षदों की पहली मासिक बैठक अध्यक्ष निर्मला देवी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभी सदस्यों को बजट संबंधी जानकारी दी गई। नगर परिषद क्षेत्र में घर-घर से गीला कूड़ा तथा सूखा कूड़ा अलग-अलग एकत्रित करने की योजना को पूर्ण रूप से लागू करने की सहमति बनी। नगर वासियों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने के बारे में भी चर्चा हुई। प्रत्येक घर से कूड़ा एकत्रित करने का मासिक शुल्क 30 रुपये निर्धारित किया गया। इसके अतिरिक्त नगर में खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने और नई लाइटें लगाने के बारे में चर्चा हुई। सीवरेज के कार्य को रफ्तार देने के लिए सरकार से वार्तालाप किया जाएगा।
नगर परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सभी पार्षदों ने रुके हुए विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने की योजना बनाई। बैठक में नगर परिषद के उपाध्यक्ष रजनीश चब्बा, वार्ड एक से पार्षद संदीप कुमार, वार्ड दो से पार्षद किरण देवी, वार्ड तीन से पार्षद संतोख सिंह, वार्ड चार से पार्षद मंजू देवी, वार्ड सात से पार्षद दर्शन सिंह, वार्ड आठ से पार्षद रचना देवी और वार्ड नौ से पार्षद मनीश कुमार चब्बा सहित कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार, कनिष्ठ अभियंता एमके शर्मा तथा अन्य अधिकारियों में अनिल कुमार, सुमन शर्मा, हरजिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, शामली शर्मा, किरण बैंस उपस्थित रहे।