ऊना। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के दसवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम की मेरिट सूची में जिला ऊना के सरकारी स्कूलों का दबदबा रहा है। आठ लड़कियों ने टॉप टेन में ऊना जिला से अपनी जगह बनाई है जबकि एक लड़का भी टॉप टेन के श्रेणी में शामिल होकर दूसरे स्थान पर रहा है। बोर्ड की मेरिट लिस्ट में पांच सरकारी और चार निजी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों ने जगह बनाई है।
खास बात यह है कि पीएम श्री स्कूलों के दर्जे से नवाजे स्कूलों से एक भी बच्चा टॉप 10 में जगह तक नहीं बन पाया है। वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों के बच्चों का मेरिट में परचम लहराने से शिक्षा विभाग और सरकार की क्वालिटी एजुकेशन के प्रति सोच का निखार भी इस बार की बोर्ड की परीक्षा में देखने को मिला है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिपोह मिसरां के छात्र अभिनव मेहता और छात्रा रूहानी धीमान ने 700 में से 698 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों विद्यार्थियों ने 99.71 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल और जिले का गौरव बढ़ाया है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से स्कूल स्टाफ, अभिभावकों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वहीं एसडी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल संतोषगढ़ की छात्रा रिद्धि चब्बा ने 700 में से 693 अंक प्राप्त कर 99 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश मेरिट सूची में सातवां स्थान हासिल किया। रिद्धि की सफलता से स्कूल प्रबंधन और परिवार में उत्साह का माहौल है। इसके अलावा आठवें स्थान पर संयुक्त रूप से दो छात्राओं ने जगह बनाई। गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पक्का परोह की छात्रा वंशिका जस्सल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सूरी की छात्रा अंशिका ने 692 अंक प्राप्त कर 98.86 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया। वहीं नौंवे स्थान पर गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पक्का परोह की छात्रा रीत खड़वाल ने जगह बनाई। रीत ने 691 के साथ 98.71 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके अलावा 10वें स्थान पर जिला ऊना के तीन विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से कब्जा जमाया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सनोली की छात्रा भावना, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अरलू की छात्रा आंचल तथा सेंट डीआर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल गगरेट की छात्रा गौरी शर्मा ने 700 में से 690 अंक हासिल कर 98.57 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया।