धमांदरी स्कूल में आयोजित खेल कूद प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ी। स्त्रोत : संवाद
जिलास्तरीय लड़कियों की खेलकूद प्रतियोगिता का धमांदरी स्कूल में आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। लड़कियों की जिलास्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को धमांदरी स्कूल में शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सोमलाल धीमान ने शिरकत की। यह प्रतियोगिता 11 से 13 अक्तूबर तक चलेगी। इसमें अंब, गगरेट, ऊना, बंगाणा और हरोली के पांच खंडों से 238 महिला खिलाड़ी दमखम दिखाएंगी। इस आयोजन में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, हैंडबाल, फुटबाल, हॉकी, बॉक्सिंग, बैडमिंटन और बास्केटबाल की प्रतियोगिताएं होंगी। शनिवार को खेले गए मुकाबलों में हैंडबाल का पहला मैच ऊना और अंब के बीच हुआ। इसमें ऊना ने बाजी मारी। खो-खो में अंब और बंगाणा के बीच हुए मुकाबले में अंब ने जीत दर्ज करवाई। वॉलीबाल में हरोली ने गगरेट को हराया। बास्केटबाल में बहडाला ने मवा सिंधिया को हराकर जीत हासिल की।
एडीपीओ आरएस भुल्लर ने प्रतियोगिता के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मुख्य अतिथि सोमलाल धीमान के कहा कि खेलों के आयोजन में जिसे जो जिम्मेदारी मिली, उसका पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करें। कहा कि खिलाड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।