दौलतपुर चौक (ऊना)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दौलतपुर चौक में एनएसएस इकाई की ओर से सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ शनिवार को हुआ। कार्यक्रम का आरंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से किया गया। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राजदेव राणा का स्वागत प्रधानाचार्य वासुदेव ठाकुर ने शाल, टोपी और स्मृति चिह्न देकर किया।
राजदेव राणा ने विद्यार्थियों को समाज सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना आत्मसात करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य वासुदेव ठाकुर ने कहा कि एनएसएस युवाओं में निस्वार्थ सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। कार्यक्रम प्रभारी संजीव कुमार शर्मा और मोनिका रतन ने बताया कि शिविर में 53 स्वयंसेवक (27 लड़कियां, 26 लड़के) भाग ले रहे हैं। शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां होंगी। प्रथम दिवस पर स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ और एनएसएस टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे।