फाइनल में सिरमौर को 11 अंकों से हराया, अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उतरेंगे खिलाड़ी
52 साल में पहली बार बना प्रदेश चैंपियन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला ऊना की जूनियर कबड्डी टीम ने 52 साल के इतिहास में पहली बार प्रदेश चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। सोलन के ठोडो ग्राउंड में 22 और 23 अक्तूबर को आयोजित जूनियर स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप के फाइनल में ऊना ने सिरमौर को 11 अंकों से हराकर खिताब जीता।
कोच लखविंद्र सिंह की देखरेख में टीम ने दमदार रेड, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन तालमेल के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। अब टीम एक से चार नवंबर तक बिहार के पाटलिपुत्र में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। इसके लिए खिलाड़ियों का अभ्यास जारी है।
कप्तान अरुणजोत की अगुवाई वाली टीम में प्रिंस, मनजोत, जशनदीप, हरमन, मोहित, आयुष, मुश्ताक मोहम्मद, हर्षदीप, रोहन, परमिंदर, गुरप्रीत, निखिल और समर शामिल रहे।
जिला ऊना कबड्डी एसोसिएशन के प्रधान अश्वनी जोशी ने इस ऐतिहासिक जीत पर खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले की टीम ने 52 वर्षों में पहली बार जूनियर कबड्डी का खिताब जीता है।