ऊना। विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ऊना की टीम ने संतोषगढ़ पुल के समीप नाकाबंदी के दौरान पंजाब के दो युवकों को 63.32 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। बरामद की गई हेरोइन की मात्रा को देखते हुए पुलिस इस मामले को नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू ऊना की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान संतोषगढ़ पुल के पास दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 63.32 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश कुमार तथा मंजीत कुमार, दोनों पुत्र गुलजार चंद, निवासी गांव जेजो, तहसील माहिलपुर, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में
हुई है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशा तस्करी से जुड़े लोगों की संलिप्तता भी खंगाली जा रही है।