संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। सदर थाना ऊना के तहत मलाहत में शुक्रवार को दो युवकों पर चाकू से हमला हुआ है। हमले में दोनों युवक लहूलुहान हो गए। इनमें से एक युवक की नस कट गई, जिसे गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जबकि दूसरे का ऊना में ही उपचार जारी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि गाड़ी की पासिंग को लेकर गाली गलौज हुआ और हमला किया।
पुलिस को दी शिकायत में हेमंत निवासी रक्कड़ ने बताया कि शुक्रवार शाम अपने दोस्त रोहन के साथ शादी में शामिल होने के लिए मलाहत पहुंचे। जहां गांव का रोहित अपने साथी के साथ गाड़ी में सवार होकर पहुंचा। गाड़ी से उतरते हुए रोहित उर्फ टिंकू मुझे तथा गौरव को गालियां निकालने लगा। जब ऐसा करने से मना किया, तो उसने अपनी गाडी से छुरा निकाला तथा जोरदार तरीके से हम दोनों के सिर के ऊपर बार कर किया। इस हमले में हेमंत व गौरव के बाजू पर गहरे कट लग गए। हमले में गौरव की बाजू की नस कट गई। लहूलुहान हालत में दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में लाया गया, जहां से गंभीर हालत में गौरव को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।