क्षेत्र के महाराणा प्रताप पार्क के समीप देर रात बोलेरो जीप समेत दो युवक नहर में डूब गए। हादसे में डूबे दो युवकों में से एक का शव गोताखोरों ने ढूंढ निकाला है, जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है। मृतक युवक की पहचान अवतार सिंह निवासी गंभीरपुर के रूप में हुई है, जो वेल्डर का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक टाहलीवाल में एक शादी समारोह में शरीक होने आए थे और वापस घर लोटते वक्त हादसा पेश आया।
जानकारी के मुताबिक अवतार सिंह निवासी गंभीरपुर सोमवार रात को अपने दोस्त दीपक के साथ टाहलीवाल में एक शादी समारोह में आया हुआ था। देर रात जब दोनों घर वापस जा रहे थे तो महाराणा प्रताप पार्क के समीप अचानक जीप अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। दोनों ही युवक वेल्डर का काम करते थे। गोताखोरों की मदद से मृतक अवतार का शव ढूंढ लिया गया जबकि दीपक को ढूंढने के प्रयास जारी हैं। उधर, इस संबंध में डीएसपी नंगल गुरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि नहर से जीप और मृतक अवतार सिंह के शव बरामद हो गए हैं। जबकि दूसरे युवक दीपक को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।