बाथड़ी में अनियंत्रित होकर पलटा ट्राला।स्रोत स्वयं
दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल, क्षेत्रीय अस्पताल में उपचाराधीन
सड़क किनारे रुके ट्रक को पीछे से आए अन्य ट्रक ने मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। पुलिस थाना क्षेत्र टाहलीवाल के तहत बाथड़ी गांव में वीरवार सुबह शाहकोट (जालंधर) से मक्का लेकर औद्योगिक क्षेत्र बेला बाथू जा रहे ट्रक की सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ट्रक बेला बाथू स्थित सुखजीत एग्रो इंडस्ट्री में जा रहे थे। हादसा सुबह करीब 08:30 बजे हुआ, जब मक्के से लदा एक ट्रक नंबर पीबी 08 यू 9781 बाथड़ी हनुमान मंदिर मोड़ पर रुका हुआ था। ट्रक में चालक और परिचालक बैठे हुए थे। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा मक्के से भरा एक अन्य 10 टायरी ट्रक पीबी 08 बीके 8537 का चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मक्के से भरा ट्रक पलट गया। हादसे में परिचालक मक्के की बोरियों के नीचे दब गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान दीपक (43) निवासी शाहकोट और घायल ट्रक चालकों गुरबख्श सिंह (42) व चालक जसवीर सिंह (42), दोनों निवासी शाहकोट जिला जालंधर पंजाब के तौर पर हुई। जसवीर सिंह उस ट्रक का चालक है, जिसने पीछे से टक्कर मारी। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को ट्रकों से निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए बाथड़ी स्थित अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें जिला अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया।
पहले भी हो चुके हादसे
इस स्थल पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। यह उतराई वाला स्थान है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए हनुमान मंदिर मोड़ पर सड़क के किनारे सीमेंट की मोटी रेलिंग दीवार बनाई है और धीमी गति से वाहन चलाने की चेतावनी के लिए होर्डिंग्स लगाए हैं लेकिन तेज गति और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। टाहलीवाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टक्कर मारने के आरोपी चालक जसवीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि मृतक का शव ऊना अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।