थानाकलां (ऊना)। थानाकलां और बंगाणा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के दो ट्राले चोरी होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं और क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
थानाकलां के मझेड़ गांव से चोरी हुआ ट्राला सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है जबकि बंगाणा से चोरी हुआ दूसरा ट्राला समूर के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला। पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ तो नहीं है। जानकारी के अनुसार मझेड़ गांव में रोजाना खड़ा किया जाने वाला ट्राला शुक्रवार सुबह करीब 4:28 बजे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। चालक ने रात को वाहन को निर्धारित स्थान पर खड़ा किया था।
सुबह ट्राला मौके से गायब मिला तो चालक ने इसकी सूचना वाहन मालिक विनोद कुमार को दी। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें ट्राले को चोरी कर ले जाने की गतिविधि कैद हुई है। वाहन मालिक विनोद कुमार ने मामले की शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान और चोरी हुए वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
उधर बंगाणा क्षेत्र से भी शुक्रवार को एक ट्राला चोरी होने की सूचना सामने आई। चोरी हुआ वाहन बाद में समूर के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला। वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिलने के बाद मालिक ने मौके पर पहुंचकर ट्राला बरामद किया और उसे मरम्मत के लिए वर्कशॉप भेज दिया।
इस मामले में भी पुलिस को शिकायत दी गई है। दोनों मामलों की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस अब घटनाओं के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि जांच टीम सीसीटीवी फुटेज के अलावा क्षेत्र में आने-जाने वाले मार्गों और अन्य संभावित स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि चोरी हुए वाहनों या संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।